हिमाचल प्रदेश में पहली दिसम्बर से बदलेगा मौसम, बारिश-बर्फबारी का अलर्ट

शिमला, (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में मौसम का मिजाज पहली दिसम्बर से बदलेगा। गुजरते साल के आखिरी महीने के पहले दिन से राज्य में बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। बारिश-बर्फबारी का क्रम तीन दिन तक चलेगा। 2 दिसम्बर को राज्य के अनेक स्थानों में गरज-चमक के साथ बारिश और ओलावृष्टि का येलो अलर्ट जारी किया किया गया है। दो दिसम्बर को पर्वतीय क्षेत्रों में अनेक स्थानों पर बारिश-बर्फबारी हो सकती है। मोैसम विभाग के इस पूर्वानुमान से राजधानी शिमला में सीजन की पहली बर्फबारी के आसार बने हैं। शिमला में पर्यटकों सहित स्थानीय बाशिंदे पहली बर्फबारी का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक सुरेंद्र पाल ने बताया कि फिलहाल अगले 24 घंटों में राज्य भर में मौसम शुष्क रहेगा। इसके बाद पहली दिसम्बर से मौसम में बदलाव आएगा। उन्होंने बताया कि एक से 3 दिसम्बर को प्रदेश में बारिश और बर्फबारी की संभावना है। 2 दिसम्बर को बारिश व ओलावृष्टि का येलो अलर्ट रहेगा। राज्य के उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी होने के प्रबल आसार बने हुए हैं, जिससे दिसम्बर माह में सर्दी बढ़ने की भी संभावना है।

इस बीच राज्य में रात को सर्दी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। खासकर उच्च पर्वतीय इलाकों में पारा माइनस में पहुंचने से प्राकृतिक जलस्त्रोतों का पानी जमना शुरू हो गया है। लाहौल-स्पीति जिला का मुख्यालय केलांग राज्य में सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान -4.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा किन्नौर के कल्पा में न्यूनतम तापमान -0.9 डिग्री सेल्सियस, मनाली में 1.2 डिग्री सेल्सियस, सियोबाग में 2.5 डिग्री सेल्सियस, भुंतर में 2.9 डिग्री सेल्सियस, चंबा में 4.2 डिग्री सेल्सियस, डल्हौजी में 5.7 डिग्री सेल्सियस, पालमपुर में 6 डिग्री सेल्सियस, कांगड़ा में 7.2 डिग्री सेल्सियस, धर्मशाला में 8.2 डिग्री सेल्सियस, देहरा गोपीपुर में 9 डिग्री सेल्सियस, हमीरपुर में 5.6 डिग्री सेल्सियस, ऊना में 7.2 डिग्री सेल्सियस, बिलासपुर में 7 डिग्री सेल्सियस, सुंदरनगर में 2.6 डिग्री सेल्सियस, कुफरी में 4.2 डिग्री सेल्सियस, शिमला में 5.4 डिग्री सेल्सियस, सोलन में 4.3 डिग्री सेल्सियस, पांवटा साहिब में 8.2 डिग्री सेल्सियस, जुब्बड़हट्टी में 9.1 डिग्री सेल्सियस और नाहन में 13 डिग्री सेल्सियस रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

No more posts to show