नंदिनी नगर में देश के पहले ग्रैंड प्रिक्स ओपन कुश्ती चैम्पियनशिप का आगाज

भारतीय कुश्ती संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह ने किया शुभारंभ
नंदिनीनगर(गोंडा)। नवाबगंज के नंदिनीनगर स्पोर्ट्स स्टेडियम में शनिवार को देश के पहले ग्रैंड प्रिक्स ओपन कुश्ती चैम्पियनशिप का रंगारंग आगाज किया गया। भारतीय कुश्ती संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह ने प्रदेश कुश्ती संघ के पदाधिकारियों की मौजूदगी में प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।

इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता में पहले दिन ग्रीको रोमन, दूसरे दिन फ्री स्टाइल व तीसरे दिन महिला पहलवानों के बीच भिड़ंत होगी। नेशनल रैंकिंग व नेशनल टॉप टेन के अंडर 15 व अंडर 20 आयु वर्ग के 1500 खिलाड़ी इस चैपिंयनशिप में अपना जौहर दिखायेंगे।

खेलो इंडिया के दूसरे फेज के तहत देश में पहली बार ग्रैंड प्रिक्स ओपन कुश्ती चैम्पियनशिप का आयोजन किया जा रहा है। नंदिनीनगर स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित हो रहे इस तीन दिवसीय ग्रैंड प्रिक्स राष्ट्रीय महिला कुश्ती चैम्पियनशिप में नेशनल

टॉप टेन व नेशनल रैंकिंग देश भर के 1500 महिला व पुरुष पहलवान हिस्सा ले रहे हैं।

प्रतियोगिता के लिए नंदिनीनगर स्पोर्ट्स स्टेडियम में नया मिनी स्टेडियम बनाया गया है। स्टेडियम में करीब 25 हजार दर्शकों के बैठने व खाने पीने की व्यवस्था की गई है। शनिवार को भारतीय कुश्ती संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह ने इस कुश्ती प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। प्रतियोगिता का शुभारंभ करते हुए कुश्ती संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि संघ के अध्यक्ष का पद संभालने के बाद वह लगातार कुश्ती की बेहतरी के लिए प्रयास कर रहे हैं।

ग्रैंड प्रिक्स प्रतियोगिता अब तक विदेशों में ही आयोजित होती थी। देश में पहली बार ग्रैंड प्रिक्स ओपन कुश्ती चैम्पियनशिप का आयोजन किया जा रहा है। इसका उद्देश्य नए खिलाड़ियों को मौका देना है। ओलंपिक खेलों से पहले देश के भीतर इस तरह की प्रतियोगिता का आयोजन होने से नए खिलाड़ियों की प्रतिभा सामने आ सकेगी और इससे खिलाड़ियों के बीच बेहतर करने की प्रतिस्पर्धा भी बढ़ेगी। कुश्ती संघ के अध्यक्ष ने कहा कि क्रिकेट के बाद देश में इस समय सबसे अधिक चर्चा कुश्ती की है। कुश्ती में पहलवानों के मेडल लाने का औसत लगातार बढ़ता जा रहा है। साथ ही कुश्ती खेलने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है।

पहले दिन के ग्रीको रोमन मुकाबला में जीत दर्ज करने वाले पहलवानों को सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने पुरस्कृत किया। इस दौरान भाजपा एमएलसी अवधेश कुमार सिंह उर्फ मंजू सिंह, सदर विधायक प्रतीक भूषण सिंह, सांसद कैसरगंज प्रतिनिधि संजीव सिंह, छपिया ब्लाक प्रमुख नीलू पासवान, भाजपा नेता राजेश रायचंदानी समेत अन्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

No more posts to show