पीएम मोदी के नेतृत्व में दिव्य काशी भव्य काशी कार्यक्रम से भारतीय संस्कृति के पुनरोत्थान की होगी शुरुआत:प्रेम रंजन

आरा,(हि. स)। भारतीय जनता पार्टी के भोजपुर जिला कार्यालय में आगामी 13 दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से काशी विश्वनाथ धाम के सौंदर्यीकरण और समग्र विकास के अद्भुत कार्यों के लोकार्पण कार्यक्रम ”दिव्य काशी- भव्य काशी” कार्यक्रम भाजपा ने भारतीय सनातन और संस्कृति की पुनर्स्थापना की ऐतिहासिक पहल बताया है। कार्यक्रम को लेकर भाजपा की तरफ से शुक्रवार की शाम आरा स्थित भाजपा कार्यालय में एक प्रेस कांफ्रेंस का आयोजन किया गया। जिसमें भाजपा के जिलाध्यक्ष डॉ. प्रेम रंजन चतुर्वेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राम मंदिर निर्माण, प्रयागराज और सोमनाथ मंदिर के सौंदर्यीकरण एवं सुविधाओं में बढ़ोतरी, केदारनाथ धाम में आदि गुरु शंकराचार्य की प्रतिमा की स्थापना जैसे अनेकों कार्य अभी तक हुए हैं।ऐसे कार्य देश के विभिन्न क्षेत्रों में अनवरत जारी है। इसी कड़ी में आगामी 13 दिसंबर को काशी विश्वनाथ धाम के शुभारंभ से भारतीय संस्कृति के पुनः जागरण में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है।आगामी 13 दिसंबर को हो रहे इस लोकार्पण से देशवासियों द्वारा सदियों से देखा जा रहा है, ”दिव्य काशी- भव्य काशी का सपना साकार होते दिख रहा है।

उन्होंने कहा कि यह हम सभी के लिए अत्यंत ही प्रसन्नता एवं गौरव का विषय है। ”दिव्य काशी-भव्य काशी” कोई साधारण कार्यक्रम नहीं है बल्कि दुनिया के सर्वाधिक लोकप्रिय नेता और भारतीय सभ्यता और संस्कृति के ध्वजवाहक के तौर पर प्रधानमंत्री मोदी द्वारा भारत की महान पुरातन संस्कृति को दुनिया भर में प्रतिष्ठित करने के लिए किए जा रहे प्रयासों की महागाथा है। देशभर के धर्माचार्य, साधु संत, प्रबुद्ध जन, केंद्रीय मंत्री, मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु गण प्रत्यक्ष रूप से इस कार्यक्रम में भाग लेंगे। इस कालजयी कार्यक्रम को ऐतिहासिक एवं अभूतपूर्व बनाने के लिए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने राष्ट्रीय स्तर पर कई कार्यक्रमों की रूप रेखा तैयार की है। यह कार्यक्रम 13 दिसंबर 2021 से शुरू होकर 14 जनवरी 2022 मकर संक्रांति तक लगातार एक महीने तक चलेंगे। पार्टी के सभी जनप्रतिनिधि इन कार्यक्रमों में भाग लेंगे। आगामी 13 दिसंबर को देश के सभी ज्योतिर्लिंगों पर भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

जिलाध्यक्ष डॉ. चतुर्वेदी ने कहा कि देश के लगभग 51000 स्थानों पर “दिव्य काशी- भव्य काशी” कार्यक्रम का सीधा प्रसारण होगा। भाजपा के जिलाध्यक्ष ने बताया कि भोजपुर जिला मुख्यालय आरा महादेवा स्थित शंकर जी के मंदिर प्रांगण में टीवी स्क्रीन द्वारा कार्यक्रम को प्रसारित किया जाएगा, जिसमें जिला के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, नगर के पदाधिकारी, कार्यकर्ता,साधुसंत,प्रबुद्धजन शामिल होंगे। इसके अलावा जिले के सभी 32 मंडलों की शिवालयों पर ”दिव्य काशी- भव्य काशी” कार्यक्रम का प्रसारण होगा। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी मंडलों में एक संयोजक और तीन सह संयोजक बनाए गए हैं।

भोजपुर में ”दिव्य काशी- भव्य काशी” कार्यक्रम के लिए पूरी तैयारी कर ली गई है। सभी 32 मंडलों सहित जिला मुख्यालय पर होने वाले कार्यक्रम में साधु-संत, प्रबुद्ध जन, जन प्रतिनिधि,पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, समर्थक हजारों की संख्या में शामिल होकर कालजयी कार्यक्रम के सहभागी बनेंगे। प्रेस कांफ्रेंस में जिला महामंत्री श्रीभगवान सिंह, जिला उपाध्यक्ष अदित्यविजय प्रताप सिंह, जिला संयोजक संजय कुमार सिंह सहित कई पदाधिकारी शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

No more posts to show