हिमाचल में कांग्रेस और भाजपा के बीच होगा मुकाबला, आप के लिए नहीं गुंजाईश : सौदान सिंह

मंडी,(हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा और कांग्रेस के बीच मुकाबला होगा। यहां पर दो ही पार्टियों के बीच मुकाबला होता रहा है, ऐसे में आम आदमी पार्टी के लिए कोई गुंजाईश नहीं है। विधानसभा चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियों को आगे बढ़ाते हुए मंडी संसदीय क्षेत्र के पदाधिकारियों की बैठक अयोजित की गई। जिसमें भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह, प्रभारी अविनाश राय खन्ना, प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप, संगठन मंत्री पवन राणा और प्रदेश महामंत्री राकेश जमवाल ने अपनी उपस्थिति दर्ज़ की।

बैठक के माध्यम से चुनावी शंखनाद करते हुए राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह ने पदाधिकारियों से एकजुट होकर चुनावों के लिए पुरी तरह से तैयार होने का आग्रह किया और कहा कि भारतीय जनता पार्टी विश्व का सबसे बड़ा राजनैतिक दल आज बना है तो इसके पीछे लाखों निस्वार्थ कार्यकर्ताओ का त्याग और निस्वार्थ भाव महत्वपूर्ण रहा है।

उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय जनता पार्टी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सशक्त और समर्पित नेतृत्व के कारण आज भारत को पूरे विश्व में सम्मान की दृष्टि से देखा जाता है और भारत एक ताकतवर राष्ट्र के रूप में उभरा है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी एकजुट है और एकजुट भाजपा को कोई भी राजनैतिक दल हराने की सोच भी नहीं सकता।

वहीं प्रदेश प्रभारी अविनाशराय खन्ना ने पार्टी पदाधिकारियों को आने वाले चुनावों तक केवल भारतीय जनता पार्टी के लिए कार्य करने की सलाह दी और कहा की पूरे देश में भाजपा चुनौती देने वाला कोई दल नहीं है और प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनना तय है। अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने कहा कि प्रदेश सरकार और संगठनके बेहतर तालमेल से हिमाचल प्रदेश विकास के रथ पर सवार है। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में एक ओर विपक्षी दल इसे मौका समझ कर ओछी राजनीति करने में व्यस्त रहे । वहीं भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में प्रदेश की जनता के बीच रहा और जरूरतमंद लोगों की बिना किसी डर के हर संभव मदद करने में तत्पर रहा।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के चार साल के कार्यकाल में विपक्ष के पास विरोध में बोलने के लिए कुछ नहीं है और कांग्रेस पार्टी बिना नेतृत्व के अपने सबसे बुरे दौर से गुजर रही है। उन्होंने कहा कि इस चार वर्षों के कार्यकाल में पहले दिन से लेकर प्रदेश सरकार आम जनता के लिए कार्य कर रही है और प्रत्येक वर्ग सरकार की योजनाओं का लाभ उठा रहा है।

संगठन मंत्री पवन राणा ने संगठन के करणीय कार्यों को लेकर वृत लिया और भविष्य में संगठन के कार्यों को बूथ स्तर तक करने के निर्देश पदाधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा की हिमाचल प्रदेश में भाजपा संगठन देश भर में मिशाल है क्योंकि यहां भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता बूथ स्तर तक सक्रिय है और निस्वार्थ भाव से पार्टी संगठन के लिए लगातार कार्य करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

No more posts to show