नई दिल्ली ,(हि.स.)। रामनवमी की पूजा का विरोध करने को लेकर पिछले दिनों जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) परिसर में हुई हिंसक झड़प का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ है कि शुक्रवार को जेएनयू के आसपास की सड़कों पर भगवा झंडे और भगवा बोर्ड लगाकर हिंदू सेना ने नया विवाद छेड़ दिया। इन बोर्ड पर ‘भगवा जेएनयू’ लिखा हुआ है।

हिंदू सेना के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुजीत यादव के नेतृत्व में शुक्रवार सुबह दर्जन भर कार्यकर्ताओं ने जेएनयू के आसपास करीब एक हजार भगवा झंडे लगा दिए। ये भगवा झंडे सड़क पर लगे खंभों, फ्लाइओवर और दीवारों और ऑटो पर लगाए गए। भगवा जेएनयू लिखे 70 बोर्ड भी जगह-जगह लगाए गए।

जेएनयू परिसर के आसपास की बाबा गंगनाथ मार्ग, नेल्सन मंडेला मार्ग, जेएनयू मेन गेट के सामने, बेर सराय, मुनिरका फ्लाइओवर तक पर ये झंडे और बोर्ड लगाए गए। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद और वामपंथी संगठनों के बीच आजकल चल रहे विवाद के बीच परिसर के आसपास भगवा झंडे व बोर्ड लगाने की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और झंडों को उतारा।

हिंदू सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष विष्णु गुप्ता ने कहा कि जेएनयू कैंपस में लगातार भगवा और हिंदुत्व का अपमान किया जा रहा है। हिंदुत्व हमारी संस्कृति है और भगवा हमारी संस्कृति का प्रतीक है। किसी भी देश के लोगों को भगवा से कोई आपत्ति नहीं होनी चाहिए। हिंदू हमारी संस्कृति है और इसे बचाना हमारा कर्तव्य है। भगवा और हिंदुत्व केवल एक राष्ट्रविरोधी व्यक्ति को परेशान कर सकता है। किसी को भारत की संस्कृति से दिक्कत नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि भगवा झंडा लगाकर उन्होंने कोई अपराध नहीं किया है। पुलिस को भगवा झंडा उतारने की इतनी जल्दी क्यों थी। उन्होंने कहा कि जेएनयू के नाम के आगे भगवा लगाने से भी किसी को आपत्ति नहीं होनी चाहिए। वहीं, सुजीत यादव ने बताया कि झंडे उतारने के बाद पुलिस ने उन्हें पूछताछ के लिए बुलाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

No more posts to show