मुंबई, (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक नितेश राणे को शुक्रवार को शिवसेना कार्यकर्ता हमला मामले में कणकवली कोर्ट ने 18 फरवरी तक न्यायिक कस्टडी में भेज दिया था। इसके बाद नितेश राणे की जमानत के लिए कोर्ट में याचिका दाखिल की गई है। इस मामले की सुनवाई कल होगी।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार को कणकवली पुलिस ने नितेश राणे को उनकी पुलिस कस्टडी खत्म होने के बाद कोर्ट में पेश किया था। कोर्ट में सरकारी वकील प्रदीप धरत व नितेश राणे के वकील सतीश मानशिंदे व संग्राम देसाई ने जिरह की। सरकारी वकील ने नितेश राणे की पुलिस कस्टडी बढ़ाने की मांग की जबकि नितेश राणे के वकीलों ने इसका जोरदार विरोध किया। इसके बाद कोर्ट ने नीतेश राणे को 18 फरवरी तक न्यायिक कस्टडी में भेजने का आदेश जारी किया है। इसके बाद नितेश राणे के वकील सतीश मानशिंदे ने कोर्ट में अपने मुवक्किल की जमानत के लिए याचिका दाखिल कर दिया है। इस मामले की सुनवाई कणकवली कोर्ट में शनिवार को होगी।