जगदीश टाइटलर ने सोनिया गांधी से की मुलाकात

नई दिल्ली, (हि.स.)। सिख दंगों के आरोपी जगदीश टाइटलर ने गुरुवार को कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी के दिल्ली स्थिति उनके आधिकारिक आवास 10 जनपथ पर मुलाकात की है।

इस मुलाकात को लेकर राजनीतिक गलियारों में खूब चर्चा है। लेकिन कांग्रेस से जुड़े लोग इसे सिर्फ एक औपचारिक मुलाकात बता रहे हैं। वैसे तो सिख दंगों के बाद कांग्रेस ने लंबे समय से टाइटलर से दूरी बना रखी थी लेकिन बीते कुछ वर्षों में कांग्रेस और टाइटलर के बीच की दूरियां धीरे-धीरे कम होती नजर आ रही हैं। टाइटलर इन दिनों कांग्रेस के कार्यक्रमों में यदा-कदा दिखने लगे हैं। बीते वर्ष सोनिया गांधी ने इन्हें दिल्ली प्रदेश कांग्रेस का स्थाई पदाधिकारी नियुक्त किया था। सोनिया गांधी के इस फैसले को लेकर भाजपा ने पंजाब से लेकर दिल्ली तक में हंगामा किया था।

उल्लेखनीय है कि इन दिनों कांग्रेस को मजबूत करने को लेकर खुद पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी मैदान में हैं। वह लगातार संगठन के पदाधिकारियों से संवाद कर रही हैं। उन्होंने आज जगदीश टाइटलर से मुलाकात के साथ-साथ झारखंड के कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर से भी मुलाकात की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

No more posts to show