विधायक ने छात्र-छात्राओं दिया स्मार्ट फोन

कर्नलगंज (गोंडा)। विधायक ने छात्र छात्राओं को स्मार्ट फोन वितरित किया है। नगर कर्नलगंज में संचालित श्री विद्वत परिषद संस्कृत महाविद्यालय में गुरुवार को फोन वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसकी अध्यक्षता प्रबंधक अमित सिंहानिया ने व संचालन प्राचार्य डॉ. संत शरण त्रिपाठी व कन्हैयालाल वर्मा ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कर्नलगंज के विधायक अजय कुमार सिंह रहे। विधायक द्वारा
स्नातक अंतिम वर्ष के छात्र छात्राओं को स्मार्टफोन वितरित किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुये विधायक अजय कुमार सिंह ने कहा कि संस्कृत के छात्रों को भी स्मार्टफोन मिलना सुखद है। इसके लिए शासन की जितनी प्रशंसा की जाय कम है। उन्होंंने स्मार्टफोन पाने वालों से उसका सदुपयोग अपने ज्ञान वृद्धि में करने की अपील की। विधायक श्री सिंह ने महाविद्यालय की जर्जर स्थिति को देखकर चिंता व्यक्त की और भवन का जीर्णोधार कराने में सहयोग करने के लिये जनता से अपील की। महाविद्यालय के प्रबंधक अमित सिंहानिया ने कहा कि संस्कृत बोलने वाले तो बहुत कम ही लोग बचे हैं। मगर संस्कृत पढ़ने वालों को भी हेय दृष्टि से देखा जा रहा है, जब कि संस्कृत सभी भाषाओं की जननी है। उन्होंने कहा कि आज हम अपनी सबसे प्राचीन भाषा संस्कृत और अपनी संस्कृति को भूलकर पाश्चत्य संस्कृति का अनुसरण करने में गर्व महसूस कर रहे हैं। जो हमें पतन के गर्त में ले जा रहा है। उन्होंने संस्कृत भाषा के उत्धान पर बल देते हुए शासन द्वारा स्मार्टफोन बांटने पर प्रसन्नता व्यक्त की। वहीं प्राचार्य डॉ. संत शरण त्रिपाठी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि कुल 59 छात्रों को स्मार्टफोन वितरित किया जाना था जिनमें से मात्र 24 छात्र छात्राओं को फोन वितरित किया गया है। पूर्व नपाप अध्यक्ष रामजीलाल मोदनवाल, जिला पंचायत सदस्य विवेक सिंह, गुड्डू सिंह, अशोक सिंह, अशोक सिंहानिया, प्रमोद सिंहानिया, सूरज सिंह, राघवेन्द्र शुक्ल आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

No more posts to show