अंशिका मिश्रा ने पूर्व माध्यमिक विद्यालय मेहनौन में लिया दाखिला

प्रवेशोत्सव समारोह का आयोजन कर गूगल गर्ल का किया नामांकन

बीईओ उपेंद्र त्रिपाठी ने खुद स्कूल पहुंचकर कराया नामांकन

गोंडा। गूगल गर्ल के नाम से पूरे देश में अपनी पहचान बनाने वाली पांचवी क्लास की छात्रा अंशिका मिश्रा प्राथमिक विद्यालय से निकलकर अब नए स्कूल में पहुंच गयी है। गुरुवार को उसने इटियाथोक शिक्षा क्षेत्र के पूर्व माध्यमिक विद्यालय मेहनौन में छठी क्लास में अपना दाखिला कराया। अंशिका कि दाखिला कराने इटियाथोक के खंड शिक्षा अधिकारी खुद स्कूल पहुंचे। मेधावी छात्रा के नामांकन से उत्साहित स्कूल के शिक्षकों ने प्रवेशोत्सव समारोह का आयोजन कर उसका नामांकन किया।

इटियाथोक शिक्षा क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय भीखमपुरवा में पढ़ने वाली छात्रा अंशिका मिश्रा को गूगल गर्ल के नाम से जाना जाता है। अपनी छोटी सी उम्र में ही वह प्राथमिक शिक्षा की ऑइकान बन चुकी है। इस वर्ष उसने पांचवी क्लास पास कर ली। पांचवी पास होने के बाद छठी क्लास में दाखिला लेने के लिए वह गुरुवार को क्षेत्र के पूर्व माध्यमिक विद्यालय मेहनौन पहुंची। मेधावी छात्रा के नामांकन के लिए स्कूल में प्रवेशोत्सव समारोह का आयोजन किया गया। गूगल गर्ल के नामांकन के लिए खुद खंड शिक्षा अधिकारी उपेंद्र त्रिपाठी स्कूल पहुंचे। उन्होंने अंशिका को उपहार देकर उसका स्वागत किया और फिर खुद रजिस्टर पर अंशिका का नाम लिखकर उसका नामांकन किया।
नामांकन समारोह में अंशिका ने पूरे आत्मविश्वास के साथ अधिकारियों के सवालों का जवाब दिया।
नामांकन समारोह में पहुंचे प्रथमा यूपी ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक संजय कुमार गंधर्व ने कहा कि अंशिका जैसी विलक्षण प्रतिभा का सरकारी स्कूल में होना गर्व का विषय है। बीईओ उपेंद्र त्रिपाठी ने
कहा कि उन्होने अंशिका का नाम सुना था आज प्रत्यक्ष उसकी प्रतिभा को देख लिया। इस मौके पर प्राथमिक विद्यालय भीखमपुरवा के प्रधानाध्यापक मनोज मिश्रा, पूर्व माध्यमिक विद्यालय की प्रधानाध्यापक नंदनी देवी समेत स्कूल के समस्त शिक्षक व कर्मचारी मौजूद रहे।

इनसेट

6 मिनट में देश के सभी जिलों का नाम सुनाकर चर्चा में आई थी अंशिका

गोंडा। प्राथमिक विद्यालय भीखमपुरवा में पढ़ने वाली अंशिका मिश्रा 6 मिनट में देश के सभी 726 जिलों के नाम सुनाकर पहली बार चर्चा में आई थी। जब उसने इस प्रतिभा का प्रदर्शन किया था तब वह दूसरी क्लास में थी। इस उपलब्धि के लिए उसका नाम इण्डिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में शामिल किया गया था। इसके बाद उसने पीछे मुड़कर नहीं देखा। अब तक अंशिका देश के विभिन्न शहरों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुकी है और यूपी बेसिक शिक्षा का लोहा मनवा चुकी है।

इनसेट

यूपी गौरव रत्न पुरस्कार से सम्मानित है अंशिका

गोंडा। प्राथमिक स्कूल भीखमपुरवा की छात्रा रही अंशिका को यूपी गौरव रत्न अवार्ड से सम्मानित किया जा चुका है। इसके अलावा अंशिका को इण्डिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स, एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स, चैम्पियन वर्ल्ड रिकॉर्ड, इण्डिया स्टार आईकॉन 2019 दिल्ली, अन्तर्राष्ट्रीय श्रेष्ठता पुरस्कार 2020 मुम्बई, अन्तर्राष्ट्रीय उत्कृष्टता पुरस्कार 2020 बिहार, राष्ट्र प्रेरणा एवार्ड 2021 इंदौर मिल चुका है। अंशिका को दक्षिण एशिया क्षेत्रीय उत्कृष्टता पुरस्कार से भी सम्मानित किया जा चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

No more posts to show