एक हजार मेधावियों को सांसद कैसरगंज ने किया सम्मानित

गोनार्द लान में प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित
गोंडा। हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की परीक्षा में उत्तीर्ण मेधावियों को सोमवार को कैसरगंज सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने सम्मानित किया। विभिन्न स्कूलों के करीब एक हजार छात्र छात्राएं शामिल हुए।
उन्होंने कहा कि जीवन में लक्ष्य का निर्धारण करना अत्यंत आवश्यक है। प्रतिकूलता व अभाव में असाधारण प्रतिभाओं का जन्म होता है। इतिहास साक्षी है कि देश ही नहीं विश्व के फलक पर ऐसे ही व्यक्तित्व ने प्रसिद्धि के शिखर को छुआ है ।
सिंह स्थानीय गोनार्द लाॅन में गोंडा बलरामपुर के प्रतिभाशाली छात्र छात्राओं के लिए आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि जब भारत 21वीं सदी में एक विकसित देश के रूप में अपने को प्रतिस्थापित करने जा रहा है तो हम सब की जिम्मेदारी है कि उसमें अपना भी महत्वपूर्ण योगदान दें। अविभाजित गोंडा जनपद में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। आवश्यकता इस बात की है कि छात्रों के अंदर प्रतिस्पर्धा विकसित हो और उनको तराशा व संवारा जाए। प्रतिभा सम्मान समारोह उसी दिशा में एक विनम्र प्रयास है ।

सांसद ने कहा कि स्वपन वह नहीं जो नींद में आते हैं। स्वपन वे हैं जिनसे नींद नहीं आती। ऐसे ही सपने को साकार करने के लिए पूरी तन्मयता एवं तत्परता के साथ जुटने की आवश्यकता है। जिज्ञासा, जिजीविषा व जूनून ही सफलता के मार्ग को प्रशस्त करता है। इससे पहले हमें अपने लक्ष्य का निर्धारण करना होगा। लक्ष्यविहीन जीवन से कुछ नहीं कर सकते। उन्होंने कहा कि स्वयं से साक्षात्कार में ही जीवन के संपूर्ण समस्याओं का समाधान होता है। श्रीरामचरितमानस को उद्धृत करते हुए उन्होंने कहा कि आज के इस युग में कर्म के द्वारा ही सब कुछ प्राप्त किया जा सकता है। प्रतिकुलतायें व दुःख व्यक्ति के विकास में बाधक नहीं है। उसी से व्यक्ति सफलता के सोपान चढ़ता है। प्रख्यात चिकित्सक डॉ ओएन पांडे ने कहा कि परिश्रम की पराकाष्ठा सफलता का मूल मंत्र है लेकिन असफलता केवल यह सिद्ध करती है कि सफलता का प्रयत्न पूर्ण मन से नहीं हुआ। विधान परिषद सदस्य अवधेश कुमार सिंह ने कहा कि संकल्प से सिद्धि तक का मूल मंत्र सांसद पर पूरी तरह लागू होता है। उनका जीवन इस बात का प्रतिमान है कि जो-जो उन्होंने संकल्प किया उसको पूर्ण करके ही दम लिया। चाहे शिक्षा के क्षेत्र में से अधिक महाविद्यालय की स्थापना हो या जनपद के नाम बदले जाने पर तत्कालीन सत्ता को चुनौती देना हो। यही विलक्षणता सांसद को सबसे अलग करती है।

विधायक बावन सिंह ने सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि गुणवत्तापरक व संस्कार युक्त शिक्षा आज की महती आवश्यकता है।‌ सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता है। बलरामपुर के विधायक एवं पूर्व मंत्री पलटूराम ने कहा कि सांसद बृजभूषण सिंह सेवा समर्पण व संघर्ष के अप्रतिम प्रतिमान है। उनका पूरा जीवन युवा वर्ग सहित सभी के लिए पाथेय है। शिक्षा के क्षेत्र में जनपद ही नहीं पूरे मंडल में जो उन्होंने शैक्षिक क्रांति की आधारशिला रखी है वह सर्व विदित है।

आज मंडल के छात्र-छात्राओं की अच्छी से अच्छी शिक्षा उसके घर के आस-पास ही उपलब्ध है। इसका सारा श्रेय सांसद को जाता है। स्वस्थ, साक्षर, शिक्षित व हरित मंडल का संकल्प किया था वह आप सब के प्रयास से साकार हो रहा है। विधायक कर्नलगंज अजय कुमार सिंह ने कहा कि ऐसा कोई मनुष्य नहीं है जिसमें कोई गुण न हो आवश्यकता है। उन्हें विकसित करने की। प्रतिभा सम्मान समारोह व मंडलीय प्रतिभा खोज परीक्षा उसी दिशा में एक प्रयास है समारोह की अध्यक्ष जिला पंचायत- बलरामपुर आरती तिवारी ने भी संबोधन किया।

समारोह में भाजपा जिला अध्यक्ष अमर किशोर कश्यप, डॉक्टर ओपी मिश्रा, डॉक्टर रविंद्र कुमार पांडे प्राचार्य लाल बहादुर शास्त्री महाविद्यालय, ओम प्रकाश, श्याम मनोहर तिवारी, अध्यक्ष जिला पंचायत घनश्याम मिश्रा, समस्त ब्लाक प्रमुख, समस्त जिला पंचायत सदस्य, भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष सूर्य नारायण तिवारी, दीपक अग्रवाल, आशीष त्रिपाठी, राजेश, अनुपम मिश्रा, विद्याभूषण द्विवेदी, नीरज मौर्य ज्योति पांडे, सूर्य नारायण मिश्रा, सुनील सिंह, डॉक्टर राजेश्वर सिंह, केके श्रीवास्तव, महेंद्र सिंह आदि उपस्थित रहे। समारोह का संचालन संजीव सिंह ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

No more posts to show